मैया मेरी

कीर्तन
एक बात मैया मेरी याद रखना...मन्जू गोपालन/श्री सनातन धर्म महिला समिति, कीर्तन स्थान: बाग मुज़फ़्फ़र खां, आगरा यहां क्लिक करके यू ट्यूब पर देखिए मैया मेरी
Showing posts with label Hindu Astha. Show all posts
Showing posts with label Hindu Astha. Show all posts

Friday, February 4, 2011

धर्मान्तरित दलित

आरएल फ़्रांसिस
धर्मान्तरित दलितों का आरक्षण
दलित ईसाइयों को आरक्षण दिये जाने का मुद्दा हमारे यहां प्रायः उठता रहता है। इस मुद्दे को लेकर गैर सरकारी संगठन सेन्टर फ़ॉर पब्लिक इन्टरेस्ट लिट्टीगेशन और डी. डेविड द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिकाओं के कारण भी सबके सामने आए। इन्होंने संविधान में वर्णित अनुसूचित जाति आदेश 1950 के तीसरे पैराग्राफ की वैधानिकता को चुनौती दी। इसमें लिखा हुआ है कि हिन्दू, सिख, और बौद्ध के अलावा अन्य धर्म का पालन करने वाला अनुसूचित जाति का सदस्य आरक्षण से वंचित हो जाएगा।

दलित ईसाइयों को नौकरियों में आरक्षण देना राष्ट्रपति के अधिकार क्षेत्र में आता है। न्यायालय की एक अन्य व्यवस्था के अनुसार राष्ट्रपति के आदेश के अन्तर्गत अनुसूचित जाति और जनजाति की श्रेणियों में प्रविष्टियों के इस अन्तिम रूप में छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। याचिकाकर्ताओं ने तर्क रखा कि न्यायालय द्वारा दी गयी व्यवस्थाएं छुटपुट सामग्री और तथ्यों पर आधारित है। परन्तु अब दलित ईसाइयों को आरक्षण का लाभ देने के पक्ष में व्यापक तथ्य और सामग्री जुटा ली गयी है। अतः अब इस पर विचार करने की आवश्यकता है।
यह भी उल्लेखनीय है कि पिछड़े और उपेक्षित धर्मांतरित ईसाइयों के एक बड़े वर्ग का मिशनवाद और पादरियों के विरुद्ध अभियान भी काफी समय से चल रहा है। इससे जुड़ी अनेक बातें मुझे कुछ समय पहले पुअर क्रिश्चियन लिबरेशन मूवमेण्ट के अध्यक्ष आर. एल. (राम लुभाया) फ्रांसिस ने एक मुलाकात में बतायी थीं। फ्रांसिस वर्षों से इन मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं।

चर्च संगठनों के भीतर ही समान अधिकारों के लिए उनकी लड़ाई जारी है। दलित ईसाइयों के लिए आरक्षण की वकालत की जा रही है जबकि इसकी जरूरत ही नहीं है। धर्मान्तरित ईसाइयों के प्रति ईमानदारी निभायी जाए तो उन पर धर्मान्तरण के बाद भी ‘दलित’ का ठप्पा लगाये रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
दरअसल आदिवासी या वनवासी समुदाय में घुसपैठ बनाने में मिशनरी जितने सफल हुए हैं उतने हिन्दू दलितों में नहीं। फिर भी बड़ी संख्या में उनका विभिन्न प्रकार के तरीके अपनाकर लम्बे समय से धर्मान्तरण कराया जा चुका है और प्रयास जारी हैं। हिन्दू संगठन इसका निरन्तर विरोध भी करते रहे हैं। यही नहीं धर्मान्तरण पर रोक को लेकर कठोर कानून बनाये जाने की मांग भी लगातार उठती रहती है। 
चर्च और कॉंग्रेस दोनों ही हिन्दू संगठनों और भारतीय जनसंघ तथा आज की भारतीय जनता पार्टी का भय दिखाकर लोगों को अपने पक्ष में कर वोट बटोरते रहे हैं। जबकि आश्चर्य की बात यह है कि राजग के शासन के दौरान इस अल्प संख्यक समुदाय को किसी प्रकार की हानि नहीं हुई। मिशनरी लोगों को विश्वास में लिए बिना उनके निजी कानूनों में परिवर्तन करने में जुटे रहे हैं। यह बात उल्लेखनीय है कि लगभग 95 प्रतिशत लोगों को अपने अधिकारों और कानूनों के बारे में जानकारी ही नहीं है। मिशनरियों को छुटपुट घटनाओं को भी काफी बढ़ाचढ़ाकर अन्तरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने में गहरी रुचि रहती है। धन, अंधविश्वास, लालच, भय, सेवा, शिक्षा आदि का उपयोग करते हुए लम्बे समय से वे इस देश के नागरिकों को अपने समाज और अपने लोगों से काटकर कौन से पुण्य का काम कर रहे हैं। जाहिर है उनके ऐसे कार्य के विरुद्ध कभी-कभी हलकी या कठोर प्रतिक्रिया भी हो जाती है तब उन्हें अपने ऊपर हुए अत्याचार का हौआ खड़ा करने का अभियान चलाना पड़ता है।
भारतीय चर्च को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि उन्हें इस देश में बहुसंख्यक समुदाय से भी ज्यादा धार्मिक स्वतंत्रता मिली हुई है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि चर्च की विस्तारवादी मानसिकता के चलते देश के कई भागों में टकराव की स्थिति पैदा होती रहती है। उड़ीसा के कंधमाल में घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं लोग भूले नहीं होंगे। इससे भारत को दुनिया भर में काफी बदनामी भी झेलनी पड़ी। आज भी कुछ लोग और संगठन अपने स्वार्थो तथा मनमानी के चलते शांति के मार्ग में रोड़ा बने हुए हैं और वे देश को बदनाम करने का कोई अवसर कभी नहीं नही छोड़ते।
टी.सी. चन्दर




Wednesday, October 1, 2008

आस्था

वैज्ञानिक कसौटी पर खरे हैं हिन्दू धार्मिक अनुष्ठान

हर हिन्दू घर में प्रायः तुलसी होना और स्नान कर उसकी पूजा करना अनिवार्य माना जाता है। यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध हो चुका है कि तुलसी का पौधा एक उच्च स्तर का एन्टीबायटिक होता है। यह अनेकानेक विषाणुओं को नष्ट करने की असीम क्षमता रखता है। अनेक सामान्य और असामान्य रोगों में तुलसी के पत्तों का उपयोग किया जाता है। जहाँ तुलसी का पौधा लगा होता है वहां आसपास का वातावरण शुद्ध और कीटाणुरहित हो जाता है।
A Hindu woman performing a religious ceremony around the tulsi plant by D.V. Dhurandhar, Bombay, C।1890 (courtesy V&A Museum, London).

हमारे यहां अनकानेक धार्मिक अनुष्ठानों का प्रचलन बना हुआ है। जहां कुछ अनुष्ठान पूजा-पाठ से सम्बन्धित हैं वहीं कुछ अनुष्ठान हमारे रीतिरिवाजों से सम्बन्धित हैं। आज शिक्षित और आधुनिक बने अनेक लोग इन धार्मिक अनुष्ठानों को अंधविश्वास और ढकोसला मानते हैं। पर ऐसे लोगों की कमी नहीं है जो अधिकांश धार्मिक अनुष्ठानों को वैज्ञानिक आधार वाले कार्य मानते हैं।

नियमित रूप से घर के आसपास बने मंदिर में जाना हमारे यहां एक अच्छी समझी जाने वाली परम्परा है। अनेक लोग प्रातःकाल नित्यकर्म व स्नानादि से निवृत होकर मंदिर जाया करते हैं। वास्तविकता यह है कि सूर्योदय होते समय स्नान करने पर सूर्य की किरणें हमारे शरीर पर पड़ती हैं। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है। प्रातःकाल मंदिर जाने से भले ही कुछ दूर जाना हो, टहलना हो जाता है। इस प्रकार प्रातः भ्रमण और हल्के व्यायाम की हमारे शरीर की आवश्यकता पूरी होती है।

मंदिर में मन्त्रोच्चार किया जाता है। प्रत्येक मन्त्र में एक निर्धारित स्वर विधान होता है इससे मन्त्रोच्चार के समय सभी स्वरों की प्रतिध्वनि परस्पर टकराती है जिससे उसकी ऊर्जस्वशक्ति में वृद्धि हो जाती है। इस प्रकार रेडियम किरणें उत्पन्न होती हैं जिससे हमारे शरीर एवं मन के नकारात्मक द्रव्यों को नष्ट कर देती है। मस्तिष्क एक धनात्मक विद्युत आवेग का केन्द्र बनकर अनूठी शक्ति बन जाता है। शब्द शक्ति के संचय से मन की कल्पनाशक्ति जाग्रत हो जाती है। इससे मन केन्द्रित होता है और उसकी सक्रियता बढ़ जाती है।

मंदिरों में पूजा-अर्चना के समय शंख व घन्टे या अन्य लोकवाद्य बजाए जाते हैं। इनसे उत्पन्न ध्वनि से आसपास के वातावरण में एक विशेष प्रकार की उष्णता का संचार होता है। विभिन्न लोकवाद्यों द्वारा उत्पन्न ध्वनि एक प्रकार की विद्युत तरंगों के स्पंदन से अलौकिक विद्युत प्रवाह का संचरण होता है। इससे सम्पूर्ण वातावरण के साथ-साथ हमारा मन भी शुद्ध हो जाता है। वायु शुद्ध हो जाती है। ध्वनि से उत्पन्न उष्णता हमारे रक्त स्नायुओं को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। इससे शरीरस्थ चक्रों में गति उत्पन्न हो जाती है, फलस्वरूप रक्त शुद्धि की प्रक्रिया आरम्भ हो जाती है और ग्रंथियों के रस प्रवाह में भी तेजी आ जाती है। इस प्रकार मन के विकारों से मुक्ति पाकर हम मानसिक रूप से स्वयं को मजबूत बना पाते हैं। हमारी क्रियाशीलता और उत्साह में वृद्धि हो जाती है और हमारे आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होता है।

मंदिर में पूजा समाप्त होने पर आरती की जाती है। आरती में प्रयुक्त दीपक की ज्योति से आसपास का वातावरण ऊष्मामय हो जाता है। इससे अनेकानेक रोगों को जन्म देने वाले विषाणुओं का नाश होता है। आरती में प्रायः कपूर, धूप आदि का उपयोग किया जाता है जिसकी गंध विषाणुओं के लिए घातक होती है। ऊष्मा के कारण आसपास की वायु गर्म होती है और खाली स्थान बन जाता है जिसकी पूर्ति हेतु वहां ताजी हवा प्रविष्ट होती है।

हवन पूजा का एक विशेष अंग होता है। अग्नि में धूप, घी, चन्दन, तिल, जौ, गेहूं, धान, नारियल आदि अनेक पदार्थ शामिल कमर्पित किए जाते हैं। इन पदार्थों की आहुति देने पर जलने से उत्पन्न धुएं से आसपास के क्षेत्र के रोगाणु नष्ट हो जाते हैं। यहां तक कि हवन-यज्ञ से वर्षा कराना भी सम्भव है।

पूजा के बाद प्रसाद वितरण का अपना विशेष महत्व होता है। प्रसाद में पंचामृत या चरणमृत को शामिल अवश्य किया जाता है जो दूध, दही, तुलसी, गंगाजल और मधु जैसे 5 पदार्थों को मिलाकर बनाया जाता है। चरणामृत एक प्रकार से औषधि बन जाता है। इसका सेवन करने से शरीर में अनूठी शक्ति का संचार होता है। इससे शारीरिक दुर्बलता, क्षय, निमोनिया, टाइफायड यानी मियादी बुखार आदि में लाभ मिलता है। रक्त शुद्धि में चरणमृत सहायक होता है और यह रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि भी करता है। तन ओर मन दोनों शुद्ध होते हैं और उन पर दूषित वातावरण का प्रभाव नहीं पड़ता।

मंदिर जाने वाले अधिकांश भक्त शिवलिंग पर जल व दूध चढ़ाते हैं। वे शिवलिंग का स्पर्श करते हैं और अपनी आंखों, मुह व चेहरे का स्पर्श भी कराते हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि निरन्तर जल व दूध चढ़ाने से शिवलिंग पर एक भिन्न प्रकार की विद्युत शक्ति उत्पन्न हो जाती है। यह विद्युत शक्ति स्पर्श के माध्यम से व्यक्ति के शरीर में प्रवेश कर जाती है। शरीर का कायाकल्प करने वाली इस शक्ति से मन में आणविक शक्ति का संचार होता है।

हर हिन्दू घर में प्रायः तुलसी होना और स्नान कर उसकी पूजा करना अनिवार्य माना जाता है। यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध हो चुका है कि तुलसी का पौधा एक उच्च स्तर का एन्टीबायटिक होता है। यह अनेकानेक विषाणुओं को नष्ट करने की असीम क्षमता रखता है। अनेक सामान्य और असामान्य रोगों में तुलसी के पत्तों का उपयोग किया जाता है। जहां तुलसी का पौधा लगा होता है वहां आसपास का वातावरण शुद्ध और कीटाणुरहित हो जाता है। मच्छरों का प्रकोप समाप्त या कम हो जाता है। तुलसी की पत्तियां और बीजों का सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी आदि सामान्य रोगों में लोग लम्बे समय से प्रयोग करते आ रहे हैं। तुलसी के पौधे की असाधारण क्षमता और इसके गुणों को देखते हुए व्यापक जनहित में इसे हमारे मनीषियों ने पूजा में शामिल कर दिया।

हमारे यहां बच्चे के जन्म के बाद उसका नामकरण संस्कार सम्पन्न होता है और उसकी आयु 1, 2, 3 या 5 साल होने पर मुंडन संस्कार होता है। सामान्यतः यह एक धार्मिक कार्य ही माना जाता है और उसी रूप में सम्पन्न किया जाता है। चिकित्सकों और वैज्ञानिकों के अनुसार यदि जन्म के बाद बच्चे के बालों का एक बार मुंडन कर दिया जाए तो उसके बालों की अच्छी वृद्धि होती है और उसके पूरे सिर पर अच्छे बाल आते हैं। बाल जल्दी झड़ते भी नहीं हैं।

यज्ञोपवीत संस्कार को आज के समय में अनेक लोग हास्यास्पद मानते हैं। वे इसे पंडितों की आजीविका का एक साधन मात्र मानते हैं। दरअसल वे यज्ञोपवीत के धागों के वैज्ञानिक महत्व से अनजान हैं। यज्ञोपवीत के तीन धागे वायु-पित्त-कफ, इड़ा-पिंगला और सुषुम्ना नाड़ी पर अपना प्रभाव डालते हैं यानी उदर में चुम्बकीय धाराओं का प्रवाह तीव्र हो जाता है। इससे पाचन शक्ति सुदृढ़ हो जाती है। मल-मूत्र त्याग के समय यज्ञोपवीत को कान पर लपेटा जाता है, इससे लकवा मारने का खतरा नहीं रहता। पाचन ठीक रहता है। इसका प्रभाव पूरे शरीर पर पड़ता है। एक्यूप्रेशर पद्धति में भी माना जाता है कि कानों को बार-बार खींचने से कब्ज की शिकायत दूर होती है।

हिन्दू विवाह पद्धति की आलोचना करने वालों की भी कमी नहीं है। वे इसे भी ढोंग मानते हैं। मनोवैज्ञानिक मानते हैं कि शास्त्रानुसार किये गये विवाह का नवदम्पति के अन्तर्मन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। परस्पर मनमुटाव होने पर भी वे अलग होने का प्रयास नहीं करते। उनके बीच एक भावात्मक एकता बनी रहती है।

अंतिम संस्कार को लेकर भी कुछ तोग कटाक्ष करते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार जब कोई प्राणी मरता है तो उसके शरीर से असंख्य जीवाणु चारों ओर फैल जाते हैं। ये जीवाणु अनेक साध्य-असाध्य रोगों के कारण बन सकते हैं। अतः इस स्थिति से बचने के लिए मृत शरीर का दाह संस्कार किया जाता है। जो लोग दाह संस्कार में शामिल होते हैं उनके परिजन उस दिन उपवास रखते हैं। इसके पीछे का कारण यह है कि कहीं भोजन के माध्यम से जीवाणु शरीर में प्रवेश न कर जाए। दाह संस्कार के बाद हाथ-पैर धोने, स्नान करने, मिर्च खाने जैसी क्रियाओं से जीवाणु का खतरा टल जाता है। मिर्च को जीवाणुओं अच्छा प्रतिरोधक माना जाता है।

हमारे पूर्वजों ने विभिन्न क्रियाकलापों को आवश्यकतानुसार धार्मिक अनुष्ठानों का रूप दे दिया जो निःसन्देह हमारे ही हित में है। हमारे ये संस्कार वैज्ञानिक कसौटी पर भी खरे उतरते रहे हैं। प्राचीन काल से ही प्रचलित हमारी विभिन्न परम्पराएं, संस्कार, धार्मिक अनुष्ठान आदि हमारे ऋषि-मुनियों-मनीषियों की सोच, परख और दूरदृष्टि के परिणाम हैं जिन्हें उन्होंने व्यापक जनहित में स्थापित किया।
टी.सी. चन्दर/www.prabhasakshi.com

सम्पर्क

सम्पर्क
भजन कीर्तन