मैया मेरी

कीर्तन
एक बात मैया मेरी याद रखना... • मन्जू गोपालन/श्री सनातन धर्म महिला समिति, कीर्तन स्थान: बाग मुज़फ़्फ़र खां, आगरा यहां क्लिक करके यू ट्यूब पर देखिए मैया मेरी

Saturday, June 5, 2010

जातपांत

जात गिनाना ही मनुवाद है


जन-गणना में जात को घुसाना सबसे बड़ा 'मनुवाद' है| यह हमारे संविधान का संपूर्ण नकार है| हमारा संविधान जातिविहीन समाज का उद्रघोष करता है लेकिन जो जात का जहर घोलने पर अमादा हैं, उनका आदर्श भारत का संविधान नहीं, 'मनुस्मृति' है| उनका जातिवाद उन्हें भस्मासुर बना देगा| वंचितों के मलाईदार नेता अपने ही पांव पर कुल्हाड़ी चलाएंगे| उनकी जातियों के ही दबे-पिसे लोग उनकी छाती पर चढ़ बैठेंगे|


जन-गणना में जाति गिनाने के पक्ष में अजीबो-गरीब तर्क दिए जा रहे हैं| पहला तर्क यह है कि जाति हिंदुस्तान की सच्चाई है| इसे आप स्वीकार क्यों नहीं करते ? यह तर्क बहुत खोखला है, क्योंकि इस देश में जाति ही नहीं, अन्य कई सच्चाइयाँ हैं| क्या हम उन सब सच्चाइयों को स्वीकार कर लें ? जैसे भारत में हिंदुओं की संख्या सबसे ज्यादा है तो हम इसे हिंदू राष्ट्र घोषित क्यों न कर दें ? भारत में भ्रष्टाचार पोर-पोर में बसा हुआ है तो हम भ्रष्टाचार को राष्ट्रीय शिष्टाचार की मान्यता क्यों न दे दें ? राजनीति का उद्देश्य वास्तविकताओं के सामने घुटने टेकना नहीं है बल्कि उनको बदलना है| डॉ. आंबेडकर और डॉ. लोहिया ने जो जातिविहीन समाज का सपना देखा था, उसे हमने कहां तक आगे बढ़ाया है ?

1931 के बाद अंग्रेज ने और आजाद भारत की सरकारों ने भी जात की गिनती नहीं की, इसके बावजूद भारत में जात जिंदा है, इसमें शक नहीं लेकिन वह राजनीति में जितनी जिंदा है, उतनी हमारे सामाजिक और शैक्षणिक जीवन में नहीं है| अस्पृश्यता काफी घटी है, सहभोज तो आम बात है और अंतरजातीय विवाह पर अब पहले-जैसा तूफान नहीं उठता है| ज्यों-ज्यों शिक्षा और संपन्नता फैलती जा रही है, जात का असर घटता जा रहा है लेकिन जातिवादी नेताओं के लिए यही सबसे बड़ा खतरा है| वे अपने वोट बैंक को फेल नहीं होने देना चाहते| इसीलिए जन-गणना में वे जात को जुड़वाने पर आमादा हैं| उनका अपने चरित्र्-बल, बुद्घिबल और सेवा-बल पर से विश्वास उठ गया है| वे केवल अपने जातीय संख्या-बल पर निर्भर होते चले जा रहे हैं| वे सवर्ण नेताओं की भद्दी कॉर्बन कॉपी बन गए हैं| वे देश के वंचितों के प्रति उतने ही निर्मम हैं जितने कि सवर्ण नेतागण !

जन-गणना में जात गिनाने से उन्हें क्या मिलेगा ? आरक्षण तो बढ़ना नहीं है, क्योंकि उच्चतम न्यायालय ने 50 प्रतिशत की लक्ष्मण रेखा खींच रखी है| इस समय कुल आरक्षण 49.5 प्रतिशत है ! यदि आरक्षित जातियों की जनसंख्या दस-बीस करोड़ ज्यादा भी निकली तो उसका फायदा क्या है ? कुछ नहीं| कम निकलीं तो उलझनें ही उलझनें हैं| यह ठीक है कि अपने जातीय अनुपात के आधार पर नेता लोग राज-काज में अपना हिस्सा मांगेंगे| यदि दलित, आदिवासी और पिछड़े मांगेंगे तो क्या सवर्ण चुप बैठेंगे ? हर वर्ण में सैकड़ों-हजारों जातियॉं हैं, उनमें भी उप-जातियाँ हैं और उप-जातियों में गोत्र् हैं| भारत का सारा राजनीतिक और प्रशासनिक ढांचा हजारों टुकड़ों में बंट जाएगा| मजहब ने देश के दो टुकड़े किए थे, जाति इसे हजार टुकड़ों में बांट देगी| सवर्णों और अवर्णों के बीच तो तलवारें खिंचेंगी ही, जातियों के अंदर अंदरूनी महाभारत भी छिड़ जाएगा|

जन-गणना में जात को घुसाना सबसे बड़ा 'मनुवाद' है| यह हमारे संविधान का संपूर्ण नकार है| हमारा संविधान जातिविहीन समाज का उद्रघोष करता है लेकिन जो जात का जहर घोलने पर अमादा हैं, उनका आदर्श भारत का संविधान नहीं, 'मनुस्मृति' है| उनका जातिवाद उन्हें भस्मासुर बना देगा| वंचितों के मलाईदार नेता अपने ही पांव पर कुल्हाड़ी चलाएंगे| उनकी जातियों के ही दबे-पिसे लोग उनकी छाती पर चढ़ बैठेंगे|

देश के 70-80 करोड़ वंचितों को पहली बार पता चल रहा है कि पांच-सात हजार सरकारी नौकरियों पर उनकी जाति के सिर्फ मलाईदार लोग हाथ साफ करते हैं| शेष सभी लोग अज्ञान, अभाव और अपमान का जीवन जीते हैं| उनके लिए न तो सवर्ण नेताओं ने कोई ठोस काम किया और न ही अ-वर्ण नेताओं ने| नौकरियों का आरक्षण पाखंड सिद्घ हुआ| इस पाखंड को बनाए रखने के लिए और करोड़ों वंचितों की आंखों में धूल झोंकने के लिए अब जनगणना में जाति का शोशा छोड़ा गया है|

जाति की गिनती को यह कहकर जायज़ ठहराया जा रहा है कि आपको आंकड़ों से क्या परहेज़ है ? बिना सही आंकड़ों के आप वैज्ञानिक विश्लेषण कैसे करेंगे? ऐसा तर्क करनेवालों से कोई पूछे कि जाति गिनाने में कौनसी वैज्ञानिकता है? सामाजिक और आर्थिक न्याय देने के लिए क्या जानना जरूरी है? जात या जरूरत? जिसे भी जरूरत है, उसे बिना किसी भेदभाव के विशेष अवसर दिया जाना चाहिए लेकिन जात के आधार पर विशेष अवसर देना तो ऐसा है, जैसे कोई अंधा रेवड़ी बांट रहा हो या कोई नौसिखिया वैद्य हर रोगी को दस्त की दवा टिका देता हो| किसका क्या रोग है, यह जाने बिना इस देश में 60 साल से थोक में दवा बंट रही है| इसीलिए मज़र् बढ़ता गया, ज्यों-ज्यों दवा की गई|

कोई यह बताए कि कालेलकर और मंडल आयोगों ने कैसे तय किया कि ये 2300 जातियाँ पिछड़ी हैं? उन्होंने भी उन जातियों की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति का पता लगाने की कोशिश की| कैसे की? आंकड़े इकट्रठे किए| आधे-अधूरे किए लेकिन किए| अब भी करें और ज्यादा करें| गहरे में उतरें और उन आकड़ों के आधार पर समस्त वंचितों को सचमुच विशेष अवसर दें| 50 नहीं, 60 प्रतिशत दें, जैसा कि डॉ. लोहिया कहा करते थे लेकिन यहां जात का क्या काम है? उसे बीच में क्यों घसीट रहे है? संविधान में कहीं भी 'जाति' शब्द नहीं है, पिछड़ा वर्ग है| क्या जाति और वर्ग एक ही है? उस समय जात का सहारा इसलिए लिया गया कि यह रास्ता आसान था| दो साल में कालेलकर और सवा दो साल में मंडल क्रमश: 40 करोड़ और 70 करोड़ लोगों का कूट-परीक्षण कैसे करते? छह-सात हजार जातियों का वैज्ञानिक विश्लेषण असंभव था| इसीलिए उन्होंने जाति का अवैज्ञानिक ही सही, सरल और थोक पैमाना अपना लिया| अब लाखों सरकारी कर्मचारी जन-गणना के लिए उपलब्ध हैं और यह कंप्यूटर का ज़माना है| हम देश के वंचितों की सही और सीधी पहचान क्यों नहीं करते? उस पहचान के आधार पर एक क्रांतिकारी समतामूलक समाज की स्थापना क्यों नहीं करते?

हमारे पिछड़े नेता कहते हैं कि हर नागरिक के पहचान पत्र् में उसकी जात लिखो| यह उनके मनुवाद का निकृष्टतम रूप होगा| जात के नाम पर हम अपने भाइयों को कहां तक अपमानित करेंगे ? भारत सरकार ने तो मतदाता-सूचियों से जातिगत नाम हटा रखे हैं| लेकिन जातिवादी नेताओं के टेके से चल रही यह सरकार ज़रा घबरा गई है| प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह बधाई के पात्र् हैं कि उन्होंने हिम्मत दिखाई और सारा मामला दुबारा खोल दिया| इस मुद्दे पर जमकर राष्ट्रीय बहस चलनी चाहिए| भास्कर के दिल्ली संस्करण (11 मई) में 'मेरी जाति, सिर्फ हिंदुस्तानी' लेख छपने के बाद 'सबल भारत' नामक संगठन ने आंदोलन छेड़ दिया है| उसे देश के कोने-कोने से समर्थन मिल रहा है| इस आंदोलन के आयोजकों में अनेक दलित और वंचित वर्गों के शीर्ष लोग भी शामिल हैं| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सिखों की शिरोमणि सभा, बाल ठाकरे तथा कई अन्य सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने इसका समर्थन किया है| अमिताभ बच्चन ने भी अपने ब्लॉग पर 'मेरी जाति भारतीय' लिख दिया है| जन-गणना में जाति को घुसाने का विरोध उतनी ही तन्मयता से होना चाहिए, जैसे कि 1857 में अंग्रेज का हुआ था| यदि हमारे नेतागण इस राष्ट्रविरोधी मांग के आगे घुटने टेक दें तो भारत के नगारिक जाति के कॉलम को खाली छोड़ दें या लिखवाएँ 'मेरी जाति हिंदुस्तानी'!

डॉ. वेदप्रताप वैदिक

dr.vaidik@gmail.com


Thursday, October 29, 2009

पढ़ाई

लाभदायक है पढ़ने की आदत
प्रायः अधिकांश महिलाएं पढ़ने के मामले में यही शिकायत करती हैं कि क्या करें, पढ़ने के लिए समय ही नहीं मिलता! कुछ महिलाओं का कहना है कि रोज अखबार पढ़कर ही हमें आखिर हासिल क्या होना है? हमें कौन से कम्पटीशन में बैठना है या किसी परीक्षा की तैयारी करनी है! सुबह से शाम तक घर-बाहर के काम-काज में खटना है। जबकि घरेलू महिलाओं के लिए अखबार पढ़ना भी काफी उपयोगी सिद्ध होता है।

अनगिनत लोग ऐसे हें जिन्हें सुबह जल्दी अखबार पढ़ने को न मिले तो उनकी बेचैनी और परेशानी देखने योग्य होती है। तमाम टीवी समाचार चैनलों और इन्टरनेट के निरन्तर बढ़ते उपयोग के बावजूद दुनिया भर के छोटे-बड़े समाचारों से अवगत होना बहुत आसान हो गया है। परन्तु अखबार पढ़ने का अपना अलग आनन्द है। एक अलग शौक है। अपने आस-पास और देश-विदेश की खबरें, जानकारी, सूचना आदि जिस प्रकार एक अखबार से हमें मिलते हैं वैसे किसी अन्य माध्यम से नहीं मिल पाते। त्वरित व सीधे समाचार-विचार प्रसारण की दृष्टि से भले ही टीवी का अपना विशेष महत्व है पर वह अनेक दृष्टियों से अखबार की जगह नहीं ले सकता। अखबार पढ़ने का एक विशेष सुख होता है।

हमारे यहां पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं में अखबार पढ़ने के प्रति कम रुझान देखा जाता है। कमोवेश यही हाल हमारी नयी पीढ़ी का भी है। पढ़ने का अवसर मिलने पर वे फिल्म-टीवी, जीवन शैली या महिलाओं सम्बन्धी सामग्री पढ़ने का ही प्रमुखता देते हैं। महिलाओं का सुबह का समय काफी व्यस्तता भरा होता है। चाय, नाश्ता, खाना आदि बनाना, बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करना, उसके बाद अन्य कामों के साथ-साथ दोपहर और शाम या रात के भोजन की तैयारी करना। जिन घरों में नौकरानी होती है या कामवाली आती है वहां कुछ सुविधा मिल जाती है। पर बचे हुए समय का सही उपयोग नहीं हो पाता है। रात का काफी समय पिछले कुछ वर्षों से सास-बहू या ऐसे ही अन्य टीवी धारावाहिकों की भैंट चढ़ जाता है। पढ़ने का समय ही कहां बचता है। फिर भी ऐसी अनेक महिलाएं हैं जो अपनी व्यस्त दिनचर्या में से भी पढ़ने का सुख पाने के लिए थोड़ा-बहुत समय अवश्य निकाल लेती हैं।

प्रायः अधिकांश महिलाएं पढ़ने के मामले में यही शिकायत करती हैं कि क्या करें, पढ़ने के लिए समय ही नहीं मिलता! कुछ महिलाओं का कहना है कि रोज अखबार पढ़कर ही हमें आखिर हासिल क्या होना है? हमें कौन से कम्पटीशन में बैठना है या किसी परीक्षा की तैयारी करनी है! सुबह से शाम तक घर-बाहर के काम-काज में खटना है। जबकि घरेलू महिलाओं के लिए अखबार पढ़ना भी काफी उपयोगी सिद्ध होता है। घरेलू महिलाओं को कामकाजी महिलाओं की अपेक्षा कहीं अधिक समय घर में ही गुजारना पड़ता है। बाकी दुनिया से उनका सम्बन्ध अखबार, पत्रिकाओं, टीवी, रेडियो आदि से ही जुड़ा रह सकता है। अपने आसपास की घटनाओं के साथ-साथ देश-विदेश की घटनाओं से अवगत होना हमें जागरूक और एक जिम्मेदार नागरिक बनाता है।

संयुक्त परिवारों के अभाव में घरेलू महिला आज पहले की अपेक्षा कम सुरक्षित हैं। ठग, उठाईगीर, चोर और अन्य असामाजिक तत्व या अपराधी आज पहले की अपेक्षा अधिक सक्रिय हैं। वे अपना उल्लू सीधा करने के लिए तरह-तरह की नयी-नयी तरकीबें आजमाते रहते हैं। लगभग रोज ही अखबारों में इस प्रकार की घटनाओं के समाचार संक्षेप में या विस्तार से उन असामाजिक तत्वों द्वारा अपनाए गये तरीकों की जानकारी के साथ छपते रहते हैं।

ऐसे समाचार घरेलू महिलाओं को जागरूक बनाने के साथ-साथ सावधान भी करते हैं। जरूरी नहीं कि कोई सारे काम छोड़कर सुबह-सुबह अखबार लेकर बैठ जाए। यदि ऐसा किया जाए तो पूरे परिवार की दिनचर्या ही बदल जाएगी और अनेक प्रकार की परेशानियां सामने आ खड़ी होंगी। सब अस्तव्यस्त हो जाएगा। अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाते हुए प्रतिदिन कुछ समय अखबार, पत्रिकाएं, अच्छी उपयोगी पुस्तकें पढ़ने निकालना एक अच्छी आदत बन सकती है। इसे अपनी दिनचर्या में मामूली फेरबदल करके असानी से हासिल किया जा सकता है।

यह कभी नहीं सोचना चाहिए कि बहुत पढ़ लिए और अब पढ़ने में समय क्यों बरबाद करे। ज्यादा पढ़कर करना भी क्या है! अनेक महिलाएं अखबार-पत्रिकाओं में विशेष रूप से भविष्य फल, फैशन, फिल्म-टीवी, सौंदर्य, व्यंजन विधियां, कविता-कहानी आदि विविध सामग्री पढ़ने तक ही सीमित रहती हैं। एक अन्य आकर्षण होता है-सेल या डिस्काउंट के विज्ञापनों का। हालांकि यह भी ग्राहकों को मूर्ख बनाने के चालाकी भरे तरीके हैं। सामान्य ज्ञान, अपने आसपास की छोटी-बड़ी घटनाओं की जानकारी, देश-विदेश की खबरें, फीचर, लेख आदि के साथ-साथ अन्य सामयिक सामग्री की प्रायः अनदेखी की जाती है।

सामान्य ज्ञान के अभाव में प्रायः चार लोगों के बीच नजरें चुरानी पड़ती हैं या गलत जानकारी प्रस्तुत करने पर मजाक का पात्र भी बनना पड़ता है। अनेक क्षेत्रों में महिलाएं पुरुषों के बराबर हैं और कुछ क्षेत्रों में उनसे भी आगे हैं। सामान्य ज्ञान, अपने आस-पास के परिवेश और घटनाक्रम से शिक्षित होने पर भी पिछड़ी हुई हैं। सामाजिक विषयों पर चर्चा करना उन्हें प्रायः जमता नहीं है। राजनीति, खेल, व्यवसाय, अर्थ, तकनीक, दूरसंचार, स्वास्थ्य, विभिन्न गतिविधियों आदि के बारे में जानने के प्रति रुचि के अभाव के कारण उनका दायरा सौदर्य, पाक कला, फिल्म-टीवी, फैशन, गृहसज्जा, भविष्य फल आदि तक ही सीमित होकर रह जाता है। सामाजिक-आथिक मुद्दों के बारे में उन्हें तनिक भी जानकारी नहीं हो पाती।

पढ़ने की आदत महिला, पुरुष, युवा, किशोर, प्रौढ़, वृद्ध यानी हर उम्र के लोगों के लिए विभिन्न प्रकार से उपयोगी सिद्ध होती है। नौकरी-व्यवसाय ही नहीं जीवन के हर क्षेत्र में यह पढ़ने की आदत कम या अधिक काम ही आती है। एक आम उपभेक्ता के नाते भी पढ़ने और प्ढ़ते रहने की आदत बहुत काम आती है। पढ़ने और मनन करने की आदत के कारण ही अनगिनत लोग मशहूर लेखक, पत्रकार आदि सृजनशील व्यक्ति बनाया है। देश में तमाम पत्र-पत्रिकाएं प्रकाशित होती हैं, इन्टरनेट पर अनेक पोर्टल हैं जिन्हें नियमित रूप से अपने पाठकों के लिए विविध स्तरीय सामग्री की आवश्यकता बनी रहती है।

पढ़ते-पढ़ते लिखने को प्रेरित होकर अनेक महिला-पुरुष लेखक बन गये और वे घर बैठे पर्याप्त धन और नाम भी कमा रहे हैं। बिना पूंजी लगाए, बिना कार्यालय या वर्कशॉप खोले वे अपना काम अपनी सुविधा के अनुसार कर रहे हैं। इस प्रकार के कार्य से जहां सृजनशीलता के साथ आत्मसन्तुष्टि सम्मान तो मिलता ही है, यह धन की प्राप्ति का जरिया भी बन जाता है। यही नहीं कैरियर की दृष्टि से भी पढ़ने-लिखने की आदत बहुत उपयोगी सिद्ध होती है।
• टी.सी. चन्दर/प्रभासाक्षी

द्वारका में भजन-कीर्तन

द्वारका में मंजू गोपालन और साथियों द्वारा भजन-कीर्तन
द्वारका (नयी दिल्ली) स्थित हिमालय अपार्टमेंट्स में भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री विपिन पाण्डेय के निवास पर सोमवार, २६ अक्टूबर को श्री सनातन धर्म महिला समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में सोसायटी निवासी और अन्य लोग उपस्थित थे। क्षेत्र की जानीमानी लोक गायिका मंजू गोपालन और उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत भजनों का लोगों ने भरपूर आनन्द लिया।
लगभग ३ घण्टे चले इस कार्यक्रम में हिन्दी-ब्रज भाषा में जागो जागो ज्वाला माई, कृष्णा-कृष्णा मैं पुकारूं, कान्हा खो गया आदि अनेक भजन प्रस्तुत किये गये।
इस अवसर पर प्रसाद और विशेष रूप से भन्डारे का आयोजन भी किया गया था। द्वारका में कई कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुकीं श्री सनातन धर्म महिला समिति का ’हिमालय’ में यह पहला कार्यक्रम था। अब जल्दी ही द्वारका क्षेत्र में श्री सनातन धर्म महिला समिति के तत्वावधान में इस प्रकार के अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
प्रस्तुति: विशाल

यह पृष्ठ

Tuesday, July 21, 2009

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

श्री सनातन धर्म महिला समिति द्वारा
श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन

मंजू गोपालन के अथक प्रयासों और स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से हर वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित होता है। इसमें छोटे-छोटे बच्चों की प्रमुख रूप से भागीदारी होती है। मंजू गोपालन द्वारा लगभग एक माह तक 10-12 साल तक की आयु के बच्चों को विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया जाता है। काफी अभ्यास के बाद बच्चे मंच पर मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं जिसे श्रद्धालु दर्शकों की भरपूर सराहना मिलती है।

श्री सनातन धर्म महिला समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। भाद्रपद श्री कृष्ण अष्टमी, विक्रम सम्वत् 2066 यानी 13 अगस्त, 2009 को स्थानीय शारदा कॉन्वेंट स्कूल 25 फुट रोड, चाणक्य प्लेस के प्रांगण में आयोजित होने वाला यह 11वां कार्यक्रम होगा।

मंजू गोपालन के अथक प्रयासों और स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से हर वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित होता है। इसमें छोटे-छोटे बच्चों की प्रमुख रूप से भागीदारी होती है। मंजू गोपालन द्वारा लगभग एक माह तक 10-12 साल तक की आयु के बच्चों को विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया जाता है। काफी अभ्यास के बाद बच्चे मंच पर मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं जिसे श्रद्धालु दर्शकों की भरपूर सराहना मिलती है। इस अवसर पर सजीव झांकियां, विशेष नृत्य, डांडिया नृत्य, श्री कृष्ण बाल रूप सज्जा, विशेष भजन-कीर्तन, श्री कृष्ण जन्म, प्रसाद वितरण आदि के अलावा विशेष अतिथि द्वारा प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र तथा उपहार प्रदान किये जाते हैं।

स्कूल प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भर जाता है। लोग आसपास के मकानों की छत पर बैठकर और सड़क पर खड़े रहकर भी कार्यक्रम देखते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए गत वर्ष प्रांगण के बाहर एक बड़ा पर्दा लगाया गया जिससे बाहर खड़े लोगों ने भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के पूरे कार्यक्रम का आनन्द लिया। इसके साथ ही स्थानीय चाणक्य केबल टीवी नेटवर्क के माध्यम से श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। बाद में इस कार्यक्रम को केबल पर ही कई बार दिखाया गया।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर हिन्दी-ब्रज भाषा में आयोजित होने वाला क्षेत्र का एकमात्र अनूठा कार्यक्रम होता है जिसका पूरा श्रेय मंजू गोपालन को ही जाता है। इस धार्मिक आयोजन के लिए क्षेत्रवासी उनकी खूब प्रशंसा करते हैं। धार्मिक प्रवृत्ति की मंजू गोपालन मूल रूप से आगरा की हैं। सन् 1984 से वे दिल्ली में रह रही हैं। चाणक्य प्लेस क्षेत्र में हिन्दी-ब्रज भाषा के भजन-कीर्तन की लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने श्री सनातन धर्म महिला समिति के अन्तर्गत सन् 1995 में छोटी सी कीर्तन मण्डली का शुभारम्भ किया। उनके इस प्रयास की खूब सराहना हुई और लोगों ने उनके भजन-कीर्तन को बहुत पसन्द किया। धीरे-धीरे उनको लोग जान गये।

आज पूरे क्षेत्र में हिन्दी-ब्रज भाषा की उनकी ही एकमात्र मण्डली है। अपने क्षेत्र चाणक्य प्लेस के अलावा वे जनकपुरी, रोहिणी, जीवन पार्क, सागरपुर, महिन्द्रा पार्क, द्वारका, तिलक नगर, राजा गार्डन, हरि नगर, पहाड़ गंज, ककरोला, मधु विहार, महावीर एन्क्लेव, ओम विहार, सीतापुरी, दशरथपुरी, पालम, कनॉट प्लेस, पीतमपुरा, सरिता विहार, दीपाली चैक, उत्तम नगर, नजफगढ़ आदि विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के आमंत्रण पर वे भजन-कीर्तन का कार्यक्रम प्रस्तुत करती रही हैं। प्रायः जन्म दिन, शादी-विवाह, गृह प्रवेश, नये कार्य या व्यवसाय के शुभारम्भ, किसी शुभ अवसर पर या फिर जब मन करे तब उनसे भजन-कीर्तन करने का आग्रह किया जाता है। नवरात्र के दौरान वे काफी व्यस्त रहती हैं। एक दिन में 3 स्थानों पर भी जाना पड़ता है।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का कार्यक्रम रात्रि 8.30 से मध्य रात्रि 12.30 बजे तक जारी रहता है। इस भव्य आयोजन में 10-12 वर्ष तक की आयु के बच्चे शामिल किये जाते हैं। सभी बच्चे पूरे उत्साह के साथ जमकर अभ्यास करते हैं और मंच पर अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं। मंच पर नृत्य नाटिका, नृत्य, डांडिया नृत्य आदि के साथ-साथ बाल श्री कृष्ण रूप सज्जा, विशेष अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र व उपहार वितरण कार्यक्रम को श्रद्धालु प्रेमपूर्वक देखते हैं और अनेकानेक बार तालियां बजाकर सराहना करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाते हैं। उल्लेखनीय है कि श्री कृष्ण बाल रूप सज्जा में मोर पंख के उपयोग की मनाही होती है।

*******************
आप
बनें सह
योगी
आप श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन में
अपना सहयोग देना चाहें तो आपका स्वागत है।
कृपया सम्पर्क करें- bhajankeertan@gmail.com b
� बच्चों के लिए उपहार (अनुमानित संख्या)- 25
� कार्यक्रम के आयोजन में विविध कार्यों हेतु
� प्रसाद-भण्डारा
आप चाहेंगे तो सहयोगियों की सूची में आपका
नाम भी प्रकाशित किया जाएगा।
*******************
बच्चों की प्रस्तुतियां समाप्त होने के बाद लगभग आधा घण्टा विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन होता है। ठीक मध्य रात्रि 12 बजे जब श्री कृष्ण के जन्म की घोषणा की जाती है तो पूरा वातावरण उल्लासमय हो जाता है। हर तरफ जय कन्हैया लाल की और श्री कृष्ण की जय-जयकार गूंजने लगती है। आरती के बाद भोग लगाया जाता है और फिर पिसे धनिये, देशी घी, बूरे, मेवों फलों आदि से बना विशेष प्रसाद और दही, दूध, तुलसी, 5 मेवाओं, शहद, चीनी आदि से बना चरणामृत श्रद्धालुओं को वितरित किया जाता है।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के छठवें दिन छठी मनायी जाती है। इस अवसर पर अपरान्ह 2 बजे विशेष भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसके बाद पारम्परिक रूप से तैयार 6 वस्तुओं- मूंग की दाल, रोटी, कढ़ी, चावल, बेसन के लड्डू और हलुआ के अलावा भण्डारे के रूप में तैयार की गयी सामग्री पूड़ी, आलू की सब्जी और खीर का भोग लगाया जाता है। सायं लगभग 4।30 बजे प्रसाद के रूप में भण्डारे की सामग्री का वितरण किया जाता है जो 4-5 घण्टे निरन्तर चलता रहता है।

यह पूरा आयोजन एक अकेली मंजू गोपालन जैसी महिला की सामर्थ्य के बल पर ही हो पाता है। इन्होंने स्थानीय लोगों को जब कार्य करके दिखया तो धीरे-धीरे लोग जुड़ते चले गये। अब लोग स्वयं आगे आकर अपना सहयोग देने की इच्छा जताते हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन को लेकर अनेक लोगों के विरोध और उनके द्वारा रुकावटें पैदा करने का भी उन्होंने दृढ़ता से सामना किया। कुछ शरारती और स्वयं को प्रभावशाली समझने का भ्रम पाले हुए लोगों ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन को रोकने के लिए खूब चालें चलीं। लोगों से सहयोग न करने की अपील वाले पीले रंग के पर्चे भी बंटवाए।

धुन की पक्की मंजू गोपालन ने हार नहीं मान और उन्होंने सब श्री कृष्ण पर छोड़ दिया और वे पूरे परिवार के साथ श्री कृष्ण की सेवा में लगी रहीं। परिजनों का भरपूर सहयोग उन्हें हर बार मिलता रहा। राजनीति में सक्रिय स्थानीय समाज सेवी श्री अनिल ठाकुर इस आयोजन में विशेष रूप से रुचि लेकर गत 3 वर्षों से अपना भरपूर सहयोग दे रहे है। यहां के लोगों को मंजू गोपालन पर जो विश्वास था उसे वे अपनी चालबाजियों से डिगा नहीं सके। मजे की बात यह भी है कि उन चालबाजों में शामिल कुछ लोग अब मंजू गोपालन का ही सहयोग करते हैं। उल्लेखनीय है कि इस पूरे आयोजन में काफी समय, श्रम, धन आदी की आवश्यकता पड़ती है। मंजू गोपालन की हार्दिक अभिलाषा है कि वे श्री राधा कृष्ण का एक भव्य मन्दिर बनवाएं, देखें उनकी यह अभिलाषा कब पूरी होती है! वैसे उन्होंने अपनी यह अभिलाषा श्री कृष्ण पर ही छोड़ दी है-आप जानें...

प्रस्तुति: वी. कुमार



श्री कृष्ण जन्माष्टमी आयोजन

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव २००९
आयोजन का सूचना पत्रक पृष्ठ १, २, ३ व ४


Monday, May 4, 2009

मन्त्र

असरदार होते हैं मंत्र

मन्त्रों के प्रभाव को लेकर देश-विदेश में निरन्तर शोध भी होते रहे हैं। डॉ. लिवर लिजेरिया एवं अन्य का मानना है कि ह्रीं, ॐ, हरि आदि के उच्चारण का शरीर के विभिन्न भागों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। डॉ. लिजेरिया ने अपने 17 साल के शोध में पाया कि हरि के साथ ॐ को जोड़कर उच्चारण किया जाए तो इसका सकारात्मक प्रभाव शरीर की पाचों ज्ञानेन्द्रियों पर पड़ता है।

मंत्रों के प्रयोगों और उनके प्रभावों के अनगिनत उदाहरण हमारे ग्रन्थों में मौजूद हैं। देखने-पढ़ने में मन्त्रों के शब्दों का कोई खास अर्थ नहीं मालूम पड़ता। पर मन्त्र हमारी सोई शक्ति को जगाने और संकल्प को वातावरण में विसरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मन्त्रों का अति सूक्ष्म पर बड़ा प्रभाव होता है। मन्त्र विज्ञान एक अनूठा विज्ञान है जिसका उचित लाभ मिलना इसके ज्ञाता गुरु और उपयुक्त साधक पर निर्भर करता है और तभी मन्त्र की महिमा सामने आती है।

मन्त्रों के सही उच्चारण, शब्दों के उचित संयोजन, साधक की श्रद्धा, जप, एकाग्रता, सदाचार आदि का मन्त्र जाप के फलदायी प्रभावों को प्रभावित करते हैं। यदि साधक की साधना में किसी प्रकार की कमी है तो अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। मन्त्रोच्चार में शब्दों का सही संयोजन और अक्षरों तथा मात्राओं का सही उच्चारण होना चाहिए। संस्कृत में हृस्व और दीर्घ की गलती भी महत्व रखती है। साधक को पूर्ण श्रद्धा, संयम और एकाग्रता के साथ अपना कार्य करना चाहिए अन्यथा मन्त्र का प्रभाव बदल जाएगा। मन्त्रों का प्रभाव ब्रह्माण्डव्यापी होता है। रामचरिमानस के रचयिता तुलसीदास के अनुसार-
मन्त्र जाप मम दृढ़ विस्वासा।
पंचम भजन सो बेद प्रकासा।।

मन्त्रों के प्रभाव को लेकर देश-विदेश में निरन्तर शोध भी होते रहे हैं। डॉ. लिवर लिजेरिया एवं अन्य का मानना है कि ह्रीं, ॐ, हरि आदि के उच्चारण का शरीर के विभिन्न भागों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। डॉ. लिजेरिया ने अपने 17 साल के शोध में पाया कि हरि के साथ ॐ को जोड़कर उच्चारण किया जाए तो इसका सकारात्मक प्रभाव शरीर की पाचों ज्ञानेन्द्रियों पर पड़ता है। यहां तक कि निःसन्तान दम्पति को सन्तान की प्राप्ति हो जाती है। यह आज के शोध के परिणाम हैं पर हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों साल पहले इस बात को जानकर शास्त्रों में लिख दिया था। उनके द्वारा मन्त्रों के प्रभाव को लेकर की गयी खोज में उन्हौंने स्थूल शरीर को ही नहीं अपितु समूचे विश्व को आधार बनाया था।


निराकार और साकार को लेकर भी विभिन्न धर्मानुयायियों में चर्चा होती रही है। यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध हो चुका है कि आकृति और शब्द का परस्पर गहरा सम्बन्ध है। किसी सम्बोधन या शब्द के साथ आकृति का सम्बन्ध होना अपेक्षाकृत अधिक प्रभावी होता है। जैसे हाथी शब्द दो अक्षरों और दो मात्राओं के मेल से बना है, इसके साथ उस शाकाहारी पशु की विशालकाय आकृति का सम्बन्ध है जो जंगल में रहता है और बुद्धिमान होता है। हाथी शब्द के उच्चारण के साथ ही उसकी छवि मानसपटल पर आ जाती है।


ऋषि-मुनियों का मानना था कि हमारा भौंतिक शरीर अन्नमय है, इसके भीतर प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय और आनन्दमय चार शरीर और भी हैं। यदि शरीर से प्राणमय निकल जाए तो अन्नमय शरीर निर्जीव हो जाएगा। प्राणमय शरीर का संचालन भी मनोमय शरीर करता है। मन के संकल्प-विकल्प के आधार पर ही प्राणमय शरीर क्रियाशील रहता है और मनोमय शरीर के भीतर विज्ञानमय शरीर होता है। पांचों ज्ञानेन्द्रियां और बुद्धि को विज्ञानमय शरीर कहते हैं। बुद्धि के द्वारा किये गये निर्णय के अनुसार शारीरिक अंग सक्रिय होकर सम्बन्धित कार्य को पूरा करते हैं। इस विज्ञानमय शरीर से भी अधिक गहराई में आनन्दमय शरीर होता है। हम जो भी प्रयास करते हैं वह आनन्द के लिए करते हैं, परमात्मा आनन्दस्वरूप होता है और इस कोष के निकट स्थित कोष को आनन्दमय कोष कहते हैं। इस प्रकार हम जिस आनन्द का अनुभव करते हैं वह परमात्मा का आनन्द है। वह आनन्दस्वरूप है और मन्त्र उस परमात्मा तक के पांचों कोषों को प्रभावित करता है। ईश्वर नाम के जप का इन कोषों, समस्त नाड़ियों और सातों केन्द्रों में सात्विक प्रभाव पड़ता है।
टी.सी.चन्दर
सौजन्य: प्रभासाक्षी.कॉम

Thursday, April 9, 2009

व्यवहार

गाय और गौवंश के प्रति जरूरी है मानवीय व्यवहार
गाय हमें निःस्वार्थ भाव से अनेक वस्तुएं प्रदान कर उपकृत करती है। अन्न उगाने के लिए गोबर के रूप में हमें श्रेष्ठतम और निरापद खाद देती है जिसका मुकाबला कोई भी रासायनिक खाद नहीं कर सकती। अमृत जैसा सुपाच्य, बहुउपयोगी और पौष्टिक दूध देती है। अपने सम्पूर्ण जीवनकाल में गाय हमें निरन्तर उपकृत करती रहती है। इस पूजनीय पशु के प्रति आज मानव का व्यवहार सचमुच निकृष्ट और निन्दनीय है।

भले ही हम गाय को माता के रूप में मानते हैं जिसकी तुलना ईश्वर से की जाती है। मां जन्म देती है, पालन-पोषण करती है और स्वयं कष्ट उठाकर सन्तान को सदा सुख पहुंचाना चाहती है। सभी ने मां को महान बताया है। गाय को हमारे यहां दूसरी पालक माता माना गया है जिसका हमारे जीवन में बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। इस मार्मिक सच्चाई को समझने की आज बहुत अधिक आवश्यकता है। मनुष्य को प्रकृति ने यथासम्भव अधिकतम दिया है पर मनुष्य उसके उपकार को न मानते हुए प्रकृति पर ही अनेकानेक अत्याचार करता रहता है। अधिकांश लोगों का गाय और गौवंश के प्रति, विशेष रूप से उसके पालकों का व्यवहार ही उचित नहीं है।

गाय हमें निःस्वार्थ भाव से अनेक वस्तुएं प्रदान कर उपकृत करती है। अन्न उगाने के लिए गोबर के रूप में हमें श्रेष्ठतम और निरापद खाद देती है जिसका मुकाबला कोई भी रासायनिक खाद नहीं कर सकती। अमृत जैसा सुपाच्य, बहुउपयोगी और पौष्टिक दूध देती है। अपने सम्पूर्ण जीवनकाल में गाय हमें निरन्तर उपकृत करती रहती है। इस पूजनीय पशु के प्रति आज मानव का व्यवहार सचमुच निकृष्ट और निन्दनीय है।

अपने स्वार्थ के लिए गाय को आदमी पालता है। जब उसकी स्वाथ पूर्ति में किसी प्रकार की रुकावट या कमी आती है तो वह गाय या गोवंश की उपेक्षा करने लगता है। वह गोवंश को आवारा घूमने और अपना भोजन स्वयं तलाशने के लिए यूं ही छोड़ देता है। प्रायः गर्भवती गायें सड़क किनारे या खाली पड़ी जमीन पर बछड़े को जन्म देती दिखाई देती हैं। कोई धर्मभीरु महिला या पुरुष उसकी यथासम्भव सेवा-सुश्रूषा भले कर दे पर उसका पालक इस बारे में अनभिज्ञ ही बना रहता है। यहां तक कि गो वंश के शरीर पर गर्म लोहे आदि से अपने स्वामित्व की पहचान के लिए कोई चिन्ह या शब्द दाग देते हैं।

हमारे यहां गोवंश प्रायः कूड़दानों के पास अड्डा जमाये रहता है। इस निरीह और शाकाहारी गोवंश के सदस्यों को कूड़े के ढेर में से सड़ा-गला खाद्य-अखाद्य जो भी मिले उसके उदर में जाता है। पानी की कमी और उपेक्षा के चलते इन निरीह पशुओं को भला पानी कौन पिलाए! ऐसे में ये पशु प्रायः अकाल मौत के शिकार हो जाते हैं। इनके पेट में खाद्य-अखाद्य पदार्थों के अलावा लकड़ी, कांच, लोहे, प्लास्टिक आदि के टुकड़े, कागज, पाॅलिथिन, कीलें, कंकड़-पत्थर, मिट्टी आदि पहुंच जाते हैं जो इनकी मौत या विकलांगता और रोगी होने का कारण बनते हैं। यही नहीं ये पशु छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं के श्किार हो जाते है और स्वयं भी दुर्घटनाओं के कारण बन जाते हैं जिससे अन्य लोगों को शरीरिक व आर्थिक हानि उठानी पडती है।

आवारा घूमने वाले पशुओं को कभी-कभी पकड़कर कांजी हाउस या गौशालाओं में रखा जाता है। वहां भी इनके साथ दुर्व्यवहार और ठीक प्रकार से देखभाल न करने की खबरें प्रायः अखबारों में आती रहती हैं। उपयोगी न रहने पर गोवंश के सदस्यों को कसाइयों को बेच दिया जाता है। इन मूक पशुओं को चुराकर कसाइयों को बेचने वाले भी हमारे यहां सक्रिय रहते हैं। कभीकभार ये लोग पकड़े भी जाते हैं। देश में सरकारी सहमति से नये-नये कसाईघर भी खुल रहे हैं। बैलों के उपयोग की जगह ट्रैक्टरों के बढ़ते उपयोग ने भी हमारे पशुधन को उपेक्षा का शिकार बना दिया है। देश में तेजी से घटता पशुधन सचमुच चिन्ता का विषय है।

यह निःसन्देह खतरे की घन्टी है। नियम-कानून बनाने से कुछ नहीं होने वाला। गोवंश पालकों के अलावा हम सभी को अपनी थोड़ी सी जिम्मेदारी और सज्जनता का परिचय देना चाहिए। अच्छा यही है कि समय रहते हम चेत जाएं और गोवंश की उपेक्षा के स्थान पर उसके उपयोग और उपकारों का ध्यान रखते हुए उस पर अत्याचार बन्द कर दें तथा उसका अपेक्षित ध्यान रखें।
मंजू गोपालन

सम्पर्क

सम्पर्क
भजन कीर्तन